वाराणसी , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी के शिवाला क्षेत्र में सीवर के अंदर बोरी मिलने के मामले में नौ दिन बाद भी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार को प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाये।

श्री राय ने अग्रवाल रेडियो चौराहा, शिवाला पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सीवर, जलनिकासी एवं क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग की ओर से तहरीर दिये जाने के बावजूद अब तक बोरी सीवर में डालने वालों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस और प्रशासन को कैमरों की फुटेज की जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि बोरी कौन लेकर आया और सीवर में किसने डाली। उन्होंने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय मामले की सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।

श्री राय ने आरोप लगाया कि काशी में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणाओं के बावजूद आम जनता सीवर, जलभराव, गंदगी और खराब सड़कों जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम में भाजपा की सरकार और जिम्मेदारी है, इसलिए इन समस्याओं के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए जनता को भ्रमित कर रही है और बोरी का मामला भी उसी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की सच्चाई सामने नहीं आती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव कर जवाब मांगेंगे। उन्होंने सीवर में बोरी मिलने की निष्पक्ष जांच, सीसीटीवी फुटेज की जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

इस अवसर पर सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, मिथुन सरदार, प्रमोद वर्मा, गोपाल चौबे और अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित