पटना , सितंबर 05 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया प्रखंड में पूर्व से सील किए गए उर्वरक गोदाम से 700 बोरी एनएफएल यूरिया गायब मिलने के मामले में शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिये हैं।

श्री सिन्हा ने कहा कि जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्वी चंपारण जिला पदाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए विधिसम्मत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें और 24 घंटे के भीतर की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

कृषि मंत्री ने बताया कि पूर्व में मनोकामना फर्टिलाइजर्स, बंजरिया के गोदाम से 780 बोरी एनएफएल यूरिया, 25 बोरी कैल्शियम और 30 बोरी सल्फर जब्त कर गोदाम को सरकारी सील लगाकर बंद किया गया था।

श्री सिन्हा ने कहा कि तीन सितंबर को अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सदर मोतिहारी, थानाध्यक्ष और कृषि विभाग की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम की सरकारी सील टूटी मिली। पूर्व में जब्त 780 बोरी एनएफएल यूरिया में से केवल 80 बोरी उपलब्ध थी, जबकि 700 बोरी गायब पाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित