अम्मान/दमिश्क , अक्टूबर 27 -- जॉर्डन ने मंगलवार को दावा किया कि दक्षिणी सीरिया में उसके हवाई हमलों में आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (दाएश) के 20 से अधिक सदस्य मारे गए और उसका एक बड़ा हथियार भंडार नष्ट कर दिया गया। वहीं, दमिश्क ने इस अभियान की निंदा करते हुए इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया और कई लोगों के हताहत होने की जानकारी दी।

जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने कहा कि आतंकवादी समूहों की गतिविधियों और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरों को देखते हुए अम्मान के पास अब और धैर्य रखने की गुंजाइश नहीं थी। उन्होंने कहा कि अभियान पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया, जिसका उद्देश्य जॉर्डन के खिलाफ संभावित आतंकवादी हमलों और अन्य खतरों को निष्क्रिय करना था। मोमानी के अनुसार, शुरुआती आकलन में आईएसआईएस के 20 से अधिक सदस्यों के मारे जाने और संगठन के एक बड़े हथियार भंडार के नष्ट होने की जानकारी मिली है।

उन्होंने नागरिकों के हताहत होने पर खेद जताते हुए कहा कि जिन स्थानों पर नागरिकों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी थी, वहां हमले नहीं किए गए। उन्होंने बताया कि जॉर्डन के अधिकारी इस मामले में अपने सीरियाई समकक्षों के संपर्क में हैं।

श्री मोमानी ने कहा कि अभियान के प्रभावों की जांच और आईएसआईएस के खिलाफ सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देश एक संयुक्त समिति गठित करेंगे। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। प्रवक्ता ने कहा कि जॉर्डन सीरिया के साथ अपने संबंधों को महत्व देता है और साझा चुनौतियों से निपटने में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सुरक्षा खतरों को जॉर्डन के कराक प्रांत में एक चर्च पर हाल में हुए हमले से भी जोड़ा, जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी। मोमानी ने सीरिया की सुरक्षा, एकता और स्थिरता, विशेष रूप से उसके दक्षिणी क्षेत्रों के प्रति जॉर्डन का समर्थन दोहराया।

दूसरी ओर, सीरिया के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि जॉर्डन ने एक दिन पहले दक्षिणी प्रांत दारा के कई स्थानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिनके लिए सीरिया सरकार से पहले समन्वय नहीं किया गया था।

मंत्रालय ने हमलों में कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की बात कही। उसने इन्हें सीरियाई हवाई क्षेत्र और राष्ट्रीय संप्रभुता का 'अस्वीकार्य उल्लंघन' करार दिया। सीरियाई अधिकारियों ने इससे पहले हमलों में सात लोगों की मौत होने की जानकारी दी थी।

सीरियाई विदेश मंत्रालय ने जॉर्डन में शुक्रवार को सेंट जॉर्ज ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर हुए हमले की भी निंदा की और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। हालांकि, उसने स्पष्ट किया कि सीरिया की धरती पर जॉर्डन की सैन्य कार्रवाई अस्वीकार्य है और अच्छे पड़ोसी संबंधों तथा द्विपक्षीय समन्वय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित