दमिश्क , जुलाई 16 -- सीरिया ने दस्करी करके लाए जा रहे उन्नत हथियारों की खेप को रोने के दावा किया है।

सीरिया के गृह मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि सरकारी सुरक्षा बलों ने देश में तस्करी करके लाए जा रहे "एडवांस्ड हथियारों" की एक खेप को रोका है, जो संभवतः पड़ोसी देश लेबनान में हिज़्बुल्लाह तक पहुंचाई जानी थी। मंत्रालय ने कहा कि विशेष सुरक्षा इकाइयों ने सीरिया-इराक सीमा पर उन्नत हथियारों की एक बड़ी खेप की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया और सीरियाई क्षेत्र में लाए जाने से पहले ही उसे ज़ब्त कर लिया।

मंत्रालय के अनुसार, सुरक्षा बलों ने सीमा के पास संदिग्ध हालात में खड़ी एक गाड़ी की पहचान की और उसकी तलाशी ली, जिसके बाद उन्नत हथियारों का एक जखीरा ज़ब्त किया गया। खबरों के मुताबिक, इन हथियारों में लंबी दूरी की मिसाइलें, गाइडेड एंटी-टैंक मिसाइलें और ड्रोन शामिल थे।

मंत्रालय ने कहा, "अभियान के दौरान मिले सबूतों और संकेतों के आधार पर शुरुआती जांच से पता चला है कि यह खेप आतंकवादी संगठन हिज़्बुल्लाह मिलिशिया के फायदे के लिए सीरियाई क्षेत्र से होते हुए लेबनान भेजी जानी थी।"मंत्रालय ने कहा कि इस मामले से जुड़ी सभी परिस्थितियों का पता लगाने, इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने और इससे जुड़े नेटवर्क का पर्दाफ़ाश करने के लिए जांच जारी है। सीरिया की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए मंत्रालय ने कहा कि सीरियाई क्षेत्र का इस्तेमाल हथियारों की तस्करी या ऐसी अन्य गतिविधियों के लिए ट्रांज़िट रूट या लॉन्च पॉइंट के तौर पर नहीं होने दिया जाएगा, जिनसे सीरियाई राज्य या पड़ोसी देशों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित