मुंबई , अगस्त 27 -- ेलीविजन और ओटीटी पर गंभीर और दमदार किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली अभिनेत्री हेली शाह आगामी वेब सीरीज 'चुंबक' में पहली बार कॉमेडी करती नजर आएंगी। हेली ने कहा कि कॉमेडी जैसे नए जॉनर को आजमाना उनके लिए उत्साह के साथ-साथ घबराहट भरा अनुभव भी था, लेकिन लेखक-निर्देशक अतिश कपाड़िया के भरोसे ने उन्हें इस चुनौती को स्वीकार करने का हौसला दिया।
हेली ने कहा, "यह पहला मौका है जब मैं कॉमेडी कर रही हूं। मैंने पहले कभी कॉमेडी नहीं की। सच कहूं तो मैं बहुत नर्वस थी और मुझे बिल्कुल यकीन नहीं था कि मैं इसे कर पाऊंगी। अब मुझे लगता है कि यह अतिश सर का मुझ पर भरोसा और विश्वास ही था कि मैं यह कर पाई। मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने मेरे अंदर वह चमक देखी।"उन्होंने कहा कि 'चुंबक' ने उन्हें अपने अभिनय के ऐसे पहलू को तलाशने का मौका दिया, जिसके बारे में वह खुद भी अनजान थीं।
हेली ने कहा, "उन्होंने एक अभिनेत्री के तौर पर मुझे अपने एक ऐसे हिस्से को एक्सप्लोर करने में मदद की, जिसके बारे में मुझे पता ही नहीं था। मुझे सच में नहीं पता था कि मैं कॉमेडी भी कर सकती हूं। इसके लिए मैं सर की बहुत आभारी हूं।"हेली के अनुसार , 'चुंबक' उनके लिए सिर्फ नए जॉनर को आजमाने का अनुभव नहीं है, बल्कि बतौर अभिनेत्री खुद के एक नए पहलू को खोजने का सफर भी है। अपने इस नए अंदाज को दर्शकों के सामने पेश करने को लेकर वह काफी उत्साहित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित