धर्मशाला , जुलाई 01 -- हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) के जीवन विज्ञान संकाय के पादप विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सचिन उपमन्यु को भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून की सोसायटी का तीन वर्ष के लिए सदस्य नामित किया गया है।
भारतीय वन्यजीव संस्थान की सोसायटी वन्यजीव अनुसंधान, जैव विविधता संरक्षण, क्षमता निर्माण और नीतिगत सहयोग से जुड़े देश के प्रमुख संस्थान की सर्वोच्च शासी निकाय है। इसमें नीति-निर्माता, सांसद, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, प्रख्यात वैज्ञानिक, शिक्षाविद और संरक्षण विशेषज्ञ शामिल होते हैं।
डॉ. उपमन्यु को अनुसंधान, उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए 'प्रख्यात शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक' श्रेणी में नामित किया गया है। माइकोलॉजी और पादप रोग विज्ञान, विशेषकर पौधों के रोग प्रबंधन के पर्यावरण अनुकूल उपायों पर उनके कार्य को सतत कृषि एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित