नयी दिल्ली , मई 30 -- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट सीयूईटी (यूजी) 2026 के दौरान आज कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा शुरू होने में देरी हुई।
एनटीए ने कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़ी कंपनी टीसीएस ने अपने स्तर पर आई तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी दी थी।
एनटीए ने आज सोशल मीडिया पर कहा कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो। इसके लिए प्रभावित केंद्रों पर परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है।
उन्होंने दोपहर सत्र के लिए संशोधित कार्यक्रम भी जारी किया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग और प्रवेश प्रक्रिया दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी, जबकि परीक्षा अब शाम 4:00 बजे शुरू होगी। पहले यह परीक्षा 3:00 बजे शुरू होनी थी।
एनटीए ने स्पष्ट किया कि सुबह सत्र के अभ्यर्थियों को भी परीक्षा की पूरी अवधि उपलब्ध कराई गई है और उन्हें निर्धारित समय पूरा होने के बाद ही परीक्षा केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित