मुंबई , फरवरी 13 -- सीमा शुल्क, मुंबई ज़ोन-तीन ने शुक्रवार को यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतराष्ट्रीय विमानपत्तन पर संसद में प्रस्तुत 2026-27 के बजट में विदेशी बैगेज के नियमों में बदलाव और कुरियर के मध्यम से निर्यात आयात के नियमों पर अपने अधिकारियों के लिए एक परिचर्चा सत्र का आयोजन किया।
इस परिचर्चा में केंद्रीय अप्रत्यक्ष एवं सीमा-शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के चेयरमैन विवेक चतुर्वेदी और बोर्ड के सदस्य योगेंद्र गर्ग को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
सीमा शुल्क, मुंबई जोन तीन ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रधान चीफ कमिश्नर श्रीमती प्राची सरूप, संयुक्त सचिव (सीमा शुल्क) अनुपम प्रकाश, कमिश्नर (सीमा शुल्क एवं निर्यात संवर्धन) मनीष मणि तिवारी, प्रिंसिपल कमिश्नर आलोक झा और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस कार्यक्रम में बजट के बाद बैगेज नियमों में हुए बदलावों और कूरियर के ज़रिए इंपोर्ट/एक्सपोर्ट पर चर्चा हुई। इस दौरान फील्ड में तैनात अधिकारियों ने काम के दौरान के अपने अनुभवों और काम के चुनौतियों की जानकारी दी।
सत्र के दौरान अनुपालन और कार्रवाई में स्पष्टता और एक जैसे व्यवहार पर ज़ोर दिया गया तथा कि राजस्व और सुरक्षा संबंधी हितों को साधने के साथ यात्रा और व्यापार में आसानी को भी सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित