अमृतसर , जून 27 -- पंजाब अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल, नौ कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव महावा निवासी रवि सिंह (33) और शरणबीर सिंह उर्फ सन्नी (31) तथा फिरोजपुर के गांव निहाला किलचा निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (21) और गांव फतेहवाला हित्थर निवासी पिप्पल सिंह (22) के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में चीन निर्मित तीन .30 बोर पिस्तौल, ऑस्ट्रिया निर्मित एक 9 एमएम ग्लॉक, एक 9 एमएम पिस्तौल, पांच .30 बोर पिस्तौल तथा नौ जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के निर्देश पर सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करते थे और उन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पहले रवि सिंह और शरणबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से तीन पिस्तौल बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद की गयी। इसके बाद पुलिस ने मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू और पिप्पल सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन पिस्तौल बरामद कीं। दोनों की निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद होने के बाद पूरे अवैध हथियार नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में यह भी सामने आया है कि चारों आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों के रहने वाले हैं, जिससे सीमा पार हथियार तस्करी में उनकी संलिप्तता और पहुंच की पुष्टि होती है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रवि सिंह और शरणबीर सिंह पहले से हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के मामलों में नामजद हैं।
इस संबंध में अमृतसर के छेहरटा थाना और मकबूलपुरा थाना में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क के विदेशी और स्थानीय संपर्कों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित