अमृतसर , अगस्त 07 -- ) पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.299 किलोग्राम हेरोइन, 970 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), एक अवैध .30 बोर पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन उर्फ दिश्का (23) और जसपिंदर सिंह (25), दोनों निवासी गांव निकोसरण, गुरदासपुर; सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख (30), निवासी अड्डा जेंटिपुर, अमृतसर ग्रामीण; अभिषेक सभरवाल उर्फ अभी (25), निवासी शर्मा कॉलोनी, अमृतसर; तथा मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू (26), निवासी गांव चन्ननके, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी एक विदेश में बैठे तस्कर के सीधे संपर्क में था। उक्त विदेशी तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करवाकर उन्हें आगे आपूर्ति करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने तथा विदेशी हैंडलरों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सबसे पहले गगन उर्फ दिश्का और जसपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपियों से पूछताछ और उनके खुलासे के आधार पर पुलिस ने 1.01 किलोग्राम हेरोइन और 970 ग्राम आइस भी बरामद की। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनके तीन अन्य साथियों सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख, अभिषेक सभरवाल उर्फ अभी और मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 20.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इस संबंध में 29 जुलाई 2026 को अमृतसर के थाना एयरपोर्ट में आर्म्स एक्ट की धारा 25(6,7,8) तथा एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 22-सी और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित