मधुबनी , सितंबर 25 -- बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के एफ समवाय, कमला के जवानों ने कार्रवाई करते हुए 159.425 लीटर नेपाली शराब बरामद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई के दौरान तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
सशस्त्र सीमा बल के सूत्रों ने बताया कि आसूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 270/15 से करीब 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में तालाब के समीप पीपल के पेड़ के पास गश्ती दल निगरानी कर रहा था। इसी दौरान नेपाल की ओर से तीन व्यक्ति तीन मोटरसाइकिल पर कुछ बोरियां लादकर भारतीय क्षेत्र में आते दिखाई दिए।
गश्ती दल को देखते ही तीनों ने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल गिराकर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। तीनों मोटरसाइकिल पर लदी बोरियों की तलाशी लेने पर कुल 159.425 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के राजपूताना टोला निवासी 19 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित