श्रीगंगानगर , सितम्बर 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारतीय क्षेत्र में पाकिस्तानी तस्करों की एक और ड्रोन से हेरोइन भेजने की कोशिश नाकाम हो गई।

पुलिस सूत्रों ने रविवार काे बताया कि चक 14 केएनडी में एक किसान के खेत से प्लास्टिक के कट्टे में पांच किलो 615 ग्राम हेरोइन और 508 ग्राम अफीम बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 30 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात पाकिस्तानी तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच समेजा कोठी थाना प्रभारी को सौंप दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने ड्रोन आने की आवाज सुनी। इसके बाद चक 14 केएनडी निवासी किसान संतराम बिश्नोई के खेत में कोई वस्तु गिरने का पता चला। खेत में ज्वार की फसल लगी हुई थी। सुबह संदिग्ध प्लास्टिक का कट्टा खेत में पड़ा दिखाई दिया तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सुबह करीब साढ़े 10 बजे सूचना मिलते ही रावला पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। बाद में खुफिया पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान भी मौके पर पहुंच गए। कट्टा खोलने पर कुल 12 पैकेट मिले। इनमें 11 पैकेट में पांच किलो 615 ग्राम हेरोइन और एक पैकेट में 508 ग्राम अफीम थी। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में रातभर और आज दोपहर तक तलाशी अभियान चलाया।

सुबह तक इस क्षेत्र में बाहर से आने-जाने वाले हर व्यक्ति की जानकारी जुटाई गई, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक खेप लेने आए भारतीय तस्कर और उनके स्थानीय संपर्क फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तानी तस्करों को भेजे गये ठिकाने की जगह ड्रोन ने खेप दूसरी जगह गिरा दी। इसी वजह से स्थानीय तस्करों के हाथ नहीं लगी और ग्रामीणों को पता चल गया। नतीजा यह हुआ कि खेप तस्करों की बजाय पुलिस के हाथ लग गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित