सागर , मई 21 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में राजस्व प्रकरण में लापरवाही बरतने पर केसली अनुभाग की पटवारी निधि सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मौजा बिलहरी निवासी एक आवेदक ने सीमांकन नहीं किए जाने संबंधी शिकायत कलेक्टर प्रतिभा पाल के समक्ष प्रस्तुत की थी। मामले की जांच में पाया गया कि पटवारी निधि सोनी द्वारा भूमि की पैमाइश और सीमांकन का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा नहीं किया गया।

तहसील न्यायालय के आदेश के अनुसार पटवारी को 15 मई 2026 से पूर्व सीमांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना था, लेकिन उन्होंने न तो प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और न ही चौहद्दी कृषकों को तामील सूचना पत्र की प्रतियां न्यायालय में जमा कराईं।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पटवारी द्वारा जानबूझकर लापरवाही बरती गई, जो पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर उदासीनता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, केसली ने पटवारी निधि सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर ने कहा है कि राजस्व प्रकरणों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित