नयी दिल्ली , जून 1 -- युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने शिक्षा मंत्रालय के एक कक्ष में लगी आग की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आरोप लगाया है कि सरकार सबूतों को दबाने का प्रयास कर रही है और इस पूरे प्रकरण को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी वरुण पांडे ने सोमवार को बताया कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के लिए जवाबदेही तय किए जाने की मांग को लेकर संगठन देशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा। इसके तहत विभिन्न राज्यों में मशाल जुलूस, हल्ला बोल मार्च, छात्र संवाद कार्यक्रम, राजभवनों का घेराव, मुख्यमंत्रियों के आवासों के बाहर प्रदर्शन, भाजपा मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, जिला स्तरीय छात्र लामबंदी अभियान तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत दो जून को मुंबई, तीन जून को तेलंगाना, चार जून को असम, छह जून को हरियाणा, सात जून को मध्य प्रदेश, आठ जून को झारखंड, 10 जून को राजस्थान, 11 जून को छत्तीसगढ़, 13 जून को गुजरात, 14 जून को चंडीगढ़, 15 जून को पंजाब, 16 और 17 जून को ग्वालियर तथा 20 जून को तमिलनाडु में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री पांडे ने बताया कि श्री चिब का कहना है कि देशभर का युवा पेपर लीक और परीक्षा संबंधी कथित घोटालों को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ कार्रवाई तथा उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। ऐसे समय में शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
युवा कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह घटना सबूतों को दबाने की कोशिश प्रतीत होती है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार चाहे जितना प्रयास कर ले, तथ्यों को हमेशा के लिए छिपाया नहीं जा सकता और परीक्षा प्रणाली में सामने आयी गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही तय करनी ही होगी। हाल के दिनों में परीक्षा घोटालों, प्रशासनिक अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मामलों का खुलासा हुआ है, जिसके बाद धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग लगातार तेज हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय ध्यान भटकाने और तथ्यों को छिपाने का प्रयास कर रही है। देश के करोड़ों छात्र और युवा निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली चाहते हैं तथा शिक्षा व्यवस्था में आई खामियों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनके अनुसार धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
श्री चिब ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस पिछले कई महीनों से कश्मीर से कन्याकुमारी तक छात्रों के मुद्दों को लेकर आंदोलन चला रही है। नीट, सीयूईटी, सीबीएसई और अन्य परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और संगठन इन मुद्दों पर जवाबदेही तय होने तक अपना आंदोलन जारी रखेगा।
श्री चिब ने कहा कि भाजपा सरकार कितना भी प्रयास कर ले, लेकिन शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में सच्चाई सामने आकर रहेगी और देश का युवा जवाबदेही की मांग करता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित