नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार को 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के दूसरे चक्र (सेकंड साइकिल) के लिए डेटशीट जारी कर दी है। इसके अनुसार, परीक्षाएं 15 से 21 मई, 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ष शुरू की गयी दो-परीक्षा प्रणाली के तहत, दूसरे चक्र की शुरुआत गणित (बेसिक और स्टैंडर्ड ) के पेपर के साथ होगी और समापन 21 मई को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के साथ होगा।
यह दूसरा प्रयास वैकल्पिक है और छात्रों को अधिकतम तीन विषयों में अपने स्कोर सुधारने का अवसर प्रदान करता है। इसमें हालांकि केवल वही छात्र पात्र होंगे जो मुख्य परीक्षा के कम से कम तीन विषयों में उपस्थित हुए थे, जो छात्र पहली परीक्षा में तीन या अधिक पेपरों में शामिल नहीं हो पाये थे, उन्हें इस चक्र में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पात्र उम्मीदवारों में वे छात्र शामिल हैं, जो सभी विषयों में उत्तीर्ण हुए हैं, साथ ही वे भी जिन्हें कंपार्टमेंट श्रेणी (पहला या तीसरा अवसर) में रखा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। अंतिम परिणाम के लिए दोनों प्रयासों में से छात्र के सर्वश्रेष्ठ स्कोर को ही माना जाएगा।
परीक्षा केंद्रों और एडमिट कार्ड के संबंध में विवरण अलग से घोषित किये जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित