भिवानी , मई 27 -- हरियाणा के चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो. दीप्ति धर्माणी ने मंगलवार को ओल्ड कैंपस पहुंचकर हेल्प डेस्क एवं दाखिलों से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को निर्देश दिये कि विद्यार्थियों को दाखिले एवं पंजीकरण में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
कुलगुरू धर्माणी ने प्रवेश समिति एवं हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिये कि किसी भी छात्र को दाखिला रजिस्ट्रेशन और दाखिलों के संबंध में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क के अलावा छात्र ऑनलाइन भी फॉर्म भर सकते हैं और जानकारी ले सकते हैं। जो छात्र किसी कारण से खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके आवेदन भी हेल्प डेस्क पर कराने का इंतजाम किया गया है।
एडमिशन कमेटी समन्वयक ने बताया कि विश्वविद्यालय में यूजी कोर्स में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 जून है। हेल्प डेस्क पर प्रत्येक फैकल्टी से दो-दो स्टाफ सदस्य तैनात किये गये हैं, ताकि वे अपनी फैकल्टी और विभागों की संपूर्ण जानकारी दे सकें।
प्रवेश समिति के संयोजक प्रो. सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि हेल्प डेस्क सुबह नौ से शाम पांच बजे तक कार्यरत रहता है। अलग-अलग फैकल्टी के बारे में जानकारी के लिए दो मोबाइल नंबर भी जारी किये गये हैं। कुलगुरू ने मौजूद स्टाफ सदस्यों को बेहतर व्यवस्था के टिप्स भी दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित