भिवानी , अगस्त 2 -- हरियाणा में युवा मामले एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) के न्यू कैंपस प्रेम नगर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की थीम यूनाइट अगेंस्ट एडिक्शन रही। अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा डीन विभागाध्यक्ष शिक्षक एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत-2047 के निर्माण का संकल्प लिया।
कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने विश्वविद्यालय की खिलाड़ी सीमा सांगवान कालीरमन की उपलब्धि पर खेल विभाग और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं का भविष्य नशे से सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम, खेल, योग और ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से दूर रहकर ही विकसित भारत-2047 का सपना साकार किया जा सकता है।
डीन प्रो. संजीव कुमार ने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने पर बल दिया। डीन एकेडमिक प्रो. सुनीता भरतवाल ने कहा कि सही मार्गदर्शन और जागरूकता से ही युवा देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पिंकी और नर्मदा ने प्रथम, भारती और गुलशन ने द्वितीय तथा मनोज और दिव्या शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिव्या और अंशु को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशे को "ना" कहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित