नयी दिल्ली , मई 22 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि उसने हाल ही में श्री हरि एक्सट्रूज़न प्राइवेट लिमिटेड और जय फॉर्मूलेशन्स लिमिटेड के खिलाफ दर्ज दो अलग-अलग बैंक धोखाधड़ी मामलों में सात परिसरों की तलाशी ली है।
इन दोनों मामलों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को लगभग 119.03 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मुंबई और अहमदाबाद स्थित परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। मुंबई स्थित सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर श्री हरि एक्सट्रूज़न कंपनी के निदेशकों के आवासीय परिसरों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए और जांच जारी है।
यह मामला पंजाब नेशनल बैंक से लिए गए नकद ऋण एवं सावधि ऋण के माध्यम से बैंक कथित रूप से 61.98 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से संबंधित है। सीबीआई के अनुसार, उधारकर्ताओं ने कथित रूप से धोखाधड़ी की और असुरक्षित ऋण प्रदान करके, सहयोगी कंपनियों के साथ लेनदेन करके, ऋणदाता बैंक के माध्यम से बिक्री को निर्देशित करने में विफल रहकर एवं संबंधित पक्षों को भुगतान करके ऋण राशि का दुरुपयोग किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित