शहडोल , जून 12 -- मध्यप्रदेश के शहडोल संभाग मुख्यालय में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने एक बैंक अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज जबलपुर स्थित सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार जबलपुर से आई सीबीआई टीम ने गुरुद्वारे के पास स्थित सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ अधिकारी अभ्यंकर शर्मा को एक कियोस्क आवेदक दीपेन्द्र सिंह से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
कार्रवाई के बाद सीबीआई टीम ने देर रात तक दस्तावेजों और फाइलों की जांच की। आज सुबह आरोपी अधिकारी को अपने साथ लेकर सड़क मार्ग से जबलपुर रवाना हो गई। सूत्रों ने बताया कि आरोपी को सीबीआई अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित