चेन्नई , सितंबर 04 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ऑपरेशन चक्र-6 के तहत डिजिटल गिरफ्तारी से जुड़े अपराधों पर शुक्रवार को 20 राज्यों में छापेमारी की तथा हरियाणा और कोलकाता में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सीबीआई ने कहा कि उसने डिजिटल गिरफ्तारी की समस्या के पीछे के सिंडिकेट के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाया और 20 राज्यों में 89 जगहों पर छापेमारी की।
गौरतलब है कि यह समस्या देशभर के नागरिकों के लिए एक गंभीर खतरा बनी हुई है। उच्चतम न्यायालय ने इन अपराधों के चिंताजनक स्तर को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई को निर्देश दिया है कि वह दोषियों और ऐसे अपराधों में मदद करने वाले बड़े नेटवर्क के खिलाफ ठोस कार्रवाई करे।
सीबीआई ने संगठित साइबर अपराध के खिलाफ अपनी लगातार लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न राज्यों से डिजिटल गिरफ्तारी से जुड़े कई मामले अपने हाथ में लिए हैं। साइबर अपराधी कानून-प्रवर्तन और सरकारी अधिकारियों का रूप धरकर पीड़ितों को डिजिटल रूप से बंधक (डिजिटल गिरफ्तारी) बना लेते हैं और उनसे बड़ी रकम भेजने के लिए मजबूर करते थे। सीबीआई ने इनमें से तीन मामलों में देशभर के 20 राज्यों में 89 जगहों पर बड़े पैमाने पर और समन्वित तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने धोखाधड़ी से हासिल पैसे का पता लगाने, सिंडिकेट के पीछे के लाभार्थियों और संचालकों की पहचान करने और सबूत नष्ट होने से पहले उन्हें जब्त करने के लिए एक साथ कार्रवाई की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित