नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 'डिजिटल अरेस्ट' से जुड़े एक मामले में एक कंपनी सहित पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।

सीबीआई के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलीशकुमार सीएस, ब्लेसिन जैकब अब्राहम, मोहम्मद जुनैद हुसैन, मोहम्मद मुश्ताक और जेसीएसएस कैपिटल इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया गया है। इनमें से तीन आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

केरल उच्च न्यायालय के निर्देशों पर सीबीआई ने 24 नवंबर, 2025 को यह मामला दर्ज किया था। एक वरिष्ठ नागरिक से साइबर अपराधियों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायिक अधिकारियों का रूप धारण कर फर्जी नोटिसों के जरिए डरा-धमकाकर 1.8 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। आरोपी वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता के संपर्क में थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित