चंडीगढ़ , अक्टूबर 05 -- पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार में कथित भ्रष्टाचार की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने के फैसले पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा है।
श्री जाखड़ ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि कानून से बचना संभव नहीं है और न्याय की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार में ऊंचे पदों पर बैठे लोगों द्वारा कथित तौर पर किए गए भ्रष्टाचार की जांच अब सीबीआई करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के कथित संरक्षण में सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया और अब इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के सार्वजनिक धन के एक-एक पैसे का हिसाब होना चाहिए।
भाजपा नेता ने आप नेताओं पर कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि जो लोग ईमानदारी का दावा करते रहे हैं, उनके कामकाज की जांच के बाद वास्तविक स्थिति सामने आएगी। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले के बाद न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और जांच से तथ्यों का पता चलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित