चंडीगढ़ , जून 09 -- हरियाणा विधानसभा द्वारा आयोजित कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन ज़ोन-II (नॉर्थ ज़ोन) कॉन्फ्रेंस के तकनीकी सत्र में भविष्य की चुनौतियों तथा 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य को हासिल करने में जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर व्यापक चर्चा हुई। विभिन्न राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और राज्यसभा के उपसभापति ने अपने विचार साझा किये।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस संवाद से प्राप्त अनुभव देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि सम्मेलन से निकले निष्कर्ष विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। उन्होंने आर्थिक, सामाजिक और नागरिक जागरूकता को 2047 के लक्ष्य की आधारशिला बताया।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति और संसदीय लोकतंत्र के सशक्त होने से ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने विधायकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी नयी तकनीकों की जानकारी से अपडेट रहने की सलाह दी।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस गति को बनाये रखने के लिए शोध एवं नवाचार पर विशेष ध्यान देना होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने जनप्रतिनिधियों से जनकल्याण और विश्वसनीयता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सभी राज्यों के संतुलित विकास से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के विधायक और प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित