बुरहानपुर , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के सीनियर आदिवासी छात्रावास में छात्रों को परोसी गई खिचड़ी में इल्लियां मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार रात भोजन में कीड़े देखकर आक्रोशित छात्र खाना छोड़कर करीब दो किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों से घटिया भोजन की शिकायत की। मामले में प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी और आज छात्रावास अधीक्षक सम्राट सोनवाने को निलंबित कर दिया।

छात्रों की शिकायत पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृजन वर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम रात में ही छात्रावास पहुंची। जांच के दौरान खिचड़ी में इल्लियां मिलीं, जबकि कढ़ी में दाल-बेसन की तुलना में पानी अधिक पाया गया। रसोई में गंदगी पसरी थी, मसाले खुले में रखे थे और फ्रिज भी खाली मिला।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी कमलेश डावर ने बताया कि टीम ने मौके से खिचड़ी और कढ़ी के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त भरत जांचपुरे ने अधीक्षक के निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच में गंभीर लापरवाही और अनियमितताएं सामने आई हैं। बच्चों के स्वास्थ्य के साथ हुई लापरवाही के चलते सम्राट सोनवाने को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। छात्रावास की व्यवस्थाएं सुचारू रखने के लिए उत्कृष्ट बालक छात्रावास के अधीक्षक सुरेश करोड़ा को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित