नयी दिल्ली , सितंबर 11 -- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को यहां रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की और व्यापार व निवेश के क्षेत्र में सहयोग की चर्चा की तथा निवेश पर प्रस्तावित संधि की बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी ।
दोनों पक्षों ने वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष रूप से चर्चा की।
वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि श्रीमती सीतारमण और श्री मंटुरोव ने " दोनों देशों के परस्पर हित के मुद्दों पर चर्चा की और भारत तथा रूस के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया।" दोनों नेताओं ने भारत-रूस आर्थिक सहयोग को और विस्तार देने के तरीकों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, ताकि निवेश प्रवाह और आर्थिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी ढांचा स्थापित किया जा सके।
श्रीमती सीतारमण और श्री मंटुरोव ने वित्तीय सेवा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।
उल्लेखनीय है कि भारत और रूस के बीच कच्चे तेल के साथ साथ अन्य चीजों के व्यापार में हाल में तेजी आयी है। पिछले वित्त वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार 60 अरब डॉलर के स्तर पर था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित