नयी दिल्ली/ सिंगापुर , अगस्त 20 -- केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को सिंगापुर में वहां के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से मुलाकात की।

इस बैठक में उनके साथ विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी तथा वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद थे।

दोनों पक्ष के नेताओं ने इस अवसर पर भारत-सिंगापुर 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' की वृहद योजना को लागू करने में हुई प्रगति पर चर्चा की।

साथ ही, उन्होंने आर्थिक सहयोग, डिजिटलीकरण, कनेक्टिविटी, कौशल विकास और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी बातचीत की।

भारतीय मंत्रियों का यह दल दोनों देशों के बीच नियमित मंत्री स्तरीय वार्ताओं के सिलसिले में सिंगापुर गया हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित