पटना , मई 15 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार को सीतामढ़ी जिले में नगर परिषद कार्यालय के कनीय अभियंता विजय कुमार शर्मा को एक लाख 45 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी मुरली मनोहर ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि कनीय अभियंता विजय कुमार शर्मा के द्वारा नगर परिषद पुपरी, सीतामढ़ी में आवंटित दो कार्य पूर्ण होने के बाद दोनों कार्यों का बिल (क्रमशः 88,61,200/- एवं 80,18,400/- कुल 1,68,79,600/- रूपये) का भुगतान हो चुका है। उक्त किये गये कार्यों एवं आगे का कार्य आवंटित करने के एवज में एक लाख पैंतालीस हजार) रूपये रिश्वत की माँग की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता पवन कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त विजय कुमार शर्मा को एक लाख पैतालीस हजार रूपये रिश्वत लेते हुए जनकपुर रोड, पुपरी, सितामढ़ी स्थित नगर परिषद कार्यालय के परिसर से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित