सीतापुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में थाना तालगांव पुलिस और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने संयुक्त कार्रवाई कर 50 हजार रुपये के इनामी डकैत सलीम को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलीम को हीरापुर मोड़, सकरन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से तालगांव क्षेत्र में हुई डकैती का 10 हजार रुपये नगद, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए। सलीम पर लगभग तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। 18 जनवरी की रात थाना तालगांव के रसूलपुर गांव में एक लेखपाल के घर में सलीम के गिरोह ने डकैती की थी, जिसमें लाखों रुपये के माल और गहने लूटे गए थे। इस घटना में शामिल अन्य सभी आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, सिर्फ सलीम ही फरार था।

पुलिस महानिदेशक लखनऊ ने इस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार को थाना तालगांव पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त प्रयास कर सलीम को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित