सीतापुर , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस स्टेशन के निकट स्थित एक होटल के कमरे में शुक्रवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर कपूर कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान हरदोई जिले की आवास विकास कॉलोनी निवासी अनुपम पांडे (40) पत्नी अमित पांडे के रूप में हुई है। महिला का शव होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

उन्होंने बताया कि महिला आठ जुलाई को होटल में कमरा लेकर ठहरी थी। शुक्रवार को कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने और दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर महिला का शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, मृतका के आधार कार्ड से पहचान होने के बाद उसके पति और मायके पक्ष के लोगों को घटना की सूचना दे दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच पिछले चार-पांच वर्षों से विवाद चल रहा था।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने गहन निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित