सीतापुर , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में एक सफाई कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि बेला खुर्द निवासी विजय विक्रम (55) बीती देर रात अपने घर वापस लौट रहे थे कि बेलामऊ एवं धुलाई खुर्द गांव के बीच घात लगाकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम के साथ-साथ उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया एवं उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होने बताया कि मृतक के समधी बदलू समेत अन्य लोगों पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक के बेटे ने अभी छह माह पूर्व बदलू की बेटी से प्रेम विवाह किया था, इसी से दोनों परिवारों में रंजिश चली आ रही थी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित