सीतापुर , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के तामसेनगंज गल्ला मंडी में शनिवार दोपहर पारिवारिक संपत्ति विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव ने शनिवार देर शाम बताया कि 58 वर्षीय रामकिशन उर्फ बबलू राठौर और उनके बेटे छोटू राठौर का रविंद्र, उसकी बहन रेणु और उनकी मां कमलेश से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद रविंद्र, रेणु और कमलेश ने लाठी-डंडों से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने रामकिशन उर्फ बबलू राठौर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटू राठौर को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
पुलिस ने रेणु और उसकी मां कमलेश को हिरासत में लिया है, जबकि फरार रविंद्र की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित