सीतापुर , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर शारदा नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम अवस्थी पूर्वा निवासी 16 वर्षीय राज और 15 वर्षीय ओमप्रकाश बुधवार दोपहर बाद शारदा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान असावधानीवश दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर गांव वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित