सीतापुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद सोमवार को राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। इस बीच शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर सपा को निशाना बनाते हुए लगाए गए कथित आपत्तिजनक और विवादित पोस्टरों तथा होर्डिंग्स को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। सूत्रों के अनुसार जैसे ही विवादित होर्डिंग्स लगाए जाने की जानकारी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिली, धौरहरा से सपा सांसद आनंद भदौरिया अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और उन होर्डिंग्स को हटवा दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और मामले पर आपत्ति दर्ज कराई।
सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जिले का माहौल खराब करने की नीयत से विवादित पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। सांसद आनंद भदौरिया ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है और जनता इसे याद रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित