सीतापुर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने घर के बरामदे में सो रहे युवक और उसके तीन वर्षीय पुत्र पर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना सदरपुर अंतर्गत ग्राम तूरानी में रविवार सुबह करीब तीन बजे सुनील कुमार मौर्य (35) अपने तीन वर्षीय पुत्र अभय के साथ बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने खिड़की से फायर कर दिया। फायरिंग में बच्चे की टांग में तथा युवक के चेहरे पर छर्रे लगने से दोनों घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सदरपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि घर की बिजली का केबल भी कटा हुआ मिला है। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा करने के उद्देश्य से केबल काटकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित