सीतापुर , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के ग्राम सरैया मसूदपुर के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला का लहूलुहान शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने गांव के पास एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना रामपुर मथुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन में जुट गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका की आयु लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित