सीतापुर , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पिसावा थाना क्षेत्र में 84 कोसी परिक्रमा के देवगांव पड़ाव पर मंगलवार प्रातः महंत सुरेश दास का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 84 कोसी परिक्रमा के दौरान देवगांव स्थल पर पहुंचे महंत सुरेश दास की अचानक तबीयत बिगड़ गई और प्रातः उनकी हृदय गति रुक गई। वहां मौजूद संत अजय दास, श्याम दास सहित अन्य श्रद्धालुओं ने एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक डॉ. हार्दिक पटेल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महंत सुरेश दास, भगवान दास के शिष्य बताए जाते हैं। उनके निधन की सूचना से परिक्रमावासियों एवं संत समाज में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। संत समाज की ओर से पुलिस को अवगत कराया गया कि अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा तथा पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित