सीतापुर , अप्रैल 05 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित एक युवक घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि बिसवां-सिधौली मार्ग पर धामी सराय चौराहे के पास भूसी से भरे ट्रक, पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन के दो टुकड़े हो गए। इस हादसे में पुष्पेंद्र (26), अंकित (25) निवासी लाल कोठी मानपुर और साहिल (29) निवासी सतीनपुर बसमैन की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

उन्होने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित