सीतापुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्रिख तहसील के ग्राम गोरिया सरदार नगर में शुक्रवार को बैंक ऋण अदायगी न करने पर तीन किसानों की लगभग छह एकड़ कृषि भूमि कुर्क कर ली गई। इंडियन बैंक के अधिकारियों, नायब तहसीलदार तथा राजस्व टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। बैंक प्रबंधक हिमांशु पांडे ने बताया कि रामनरेश, राजकुमार और रामखेलावन नामक किसानों ने खेती के लिए लिया गया करीब 25.23 लाख रुपये का ऋण लंबे समय से नहीं चुकाया था।

उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए और एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना का लाभ लेने के लिए भी सूचित किया गया, लेकिन संबंधित किसानों ने बकाया राशि जमा नहीं की।

शुक्रवार दोपहर बाद नायब तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसीलदार विवेक तिवारी और राजस्व लेखपाल राकेश शुक्ला की उपस्थिति में बैंक टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों किसानों की भूमि कुर्क कर ली।

प्रशासन ने किसानों को अंतिम रूप से 15 दिन का समय दिया है, जिसमें वे बकाया ऋण जमा कर अपनी भूमि कुर्की से बचा सकते हैं। निर्धारित अवधि में भुगतान न होने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित