सीतापुर , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के रामपुर कला थाना क्षेत्र में बिसवन-सिधौली मार्ग पर बुधवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार तीन छात्रों को एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिससे एक छात्र की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कमलापुर थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी मोहित कुमार (18), अंशु (17) और शुभम (18) दिन में मोटरसाइकिल से इंटरमीडिएट की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान बिसवन-सिधौली मार्ग पर एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिधौली अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अंशु और शुभम को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सीतापुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित