सीतापुर , जून 3 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में अटरिया थाना क्षेत्र के अकबरपुर मोड़ के पास बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में पॉक्सो एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि अटरिया थाना पुलिस बंदरिया बाजार मार्ग पर अकबरपुर मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी सतीश उर्फ छोटू निवासी ग्राम रमपुरवा मजरा नीलगांव को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस तथा 300 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित