सीतापुर , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर नगर के शिवपुरी मोहल्ले में जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर बुधवार को पूर्व महोली विधायक एवं समाजवादी पार्टी नेता अनूप गुप्ता सहित 27 अन्य मकान मालिकों को सार्वजनिक नोटिस जारी कर चस्पा किया गया।
उप जिलाधिकारी जनार्दन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि जिलाधिकारी न्यायालय द्वारा छह जुलाई को जारी आदेश के अनुपालन में शिवपुरी मोहल्ले की लगभग 25 बीघा भूमि पर बने 28 मकानों से संबंधित सार्वजनिक नोटिस चस्पा किए गए हैं। इनमें पूर्व विधायक अनूप गुप्ता का आवास भी शामिल है।
जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश में संबंधित पक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे 24 जुलाई तक अपने विक्रय पत्र, दावे और अन्य आवश्यक अभिलेख न्यायालय में प्रस्तुत करें, ताकि उनके दावों की सुनवाई की जा सके। प्रशासन ने इस भूमि पर हो रहे नए निर्माण कार्यों पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। इस आशय का आदेश भी सार्वजनिक नोटिस के साथ चस्पा किया गया है।
नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई नायब तहसीलदार अशोक यादव, नायब तहसीलदार बलवंत, लेखपाल गीता सुमन, अवनीश तथा अन्य राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में की गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के 27 मकान मालिकों में खलबली मच गई।
उल्लेखनीय है कि छह जुलाई को गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर प्रदेश भ्रमण पर निकले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सीतापुर प्रवास के दौरान पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के आवास पर रात्रि विश्राम किया था।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिला प्रशासन ने न्यायालय के आदेश पर प्लाईवुड फैक्ट्री की भूमि, रम्पा महल सिनेमा की जमीन और बट्सगंज स्थित रानी कोठी की भूमि का भी अधिग्रहण किया है। शिवपुरी मोहल्ले में भी पूर्व में प्लाईवुड फैक्ट्री का बंगला स्थित था। मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित