सीतापुर , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चेन लूट के मामले में वांछित चल रहे दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कपूर कुमार ने सोमवार को बताया कि दो दिन पूर्व एक महिला से सोने की चेन लूटने के मामले में लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज कस्बा निवासी कामिल और फरमान वांछित चल रहे थे। शहर कोतवाली पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम उनकी तलाश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम को दोनों बदमाशों के शहर कोतवाली क्षेत्र में कांवनखेड़ा से फायरिंग बट रोड की ओर जाने वाले मार्ग के समीप जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के उद्देश्य से की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे और पीली धातु की चेन के दो टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित