सीतापुर , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के मिश्रिख क्षेत्र में आयोजित पावन 84 कोसी परिक्रमा के पंचकोशी पड़ाव पर लगने वाले पारंपरिक मेले का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। प्रदेश सरकार ने पंचकोशी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, शौचालय, दवाइयों और राशन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालु स्वयं भोजन बना सकें।

18 फरवरी से प्रारंभ हुई 84 कोसी परिक्रमा विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई पंचकोशी के लिए मिश्रिख पहुंच चुकी है। परिक्रमा के आगमन के साथ ही कस्बा मिश्रिख में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सीमा भार्गव, सीतापुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुनेंद्र अवस्थी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला तथा जिलाधिकारी राजा गणपत आर मौजूद रहे। अतिथियों ने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि नैमिषारण्य क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विधायक रामकृष्ण भार्गव ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि मिश्रिख संत-महात्माओं की तपोभूमि रही है और मेले का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक गरिमा को और बढ़ाता है।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित