सीतापुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र में पुलिस ने हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही लगभग पांच लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने शुक्रवार देर शाम बताया कि मुखबिर की सूचना पर लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर फर्जी नंबर प्लेट लगी एक बलेनो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और दरवाजों के भीतर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुनेश निवासी मोहल्ला काशीपुरी थाना खानपुर जनपद सोनीपत (हरियाणा) तथा मुन्नू निवासी भोजपुरी थाना खानपुर जनपद सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग पांच लाख रुपये कीमत की अवैध शराब, फर्जी नंबर प्लेट लगी बलेनो कार, मोबाइल फोन, स्टेट बैंक का फास्टैग कार्ड तथा नकदी भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महोली पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका था। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं। तस्करी के लिए यह लोग विभिन्न ढाबों को पिकअप और डिलीवरी प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल करते थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए गिरोह के सदस्य आपस में केवल व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क करते थे। अभियुक्तों ने बताया कि एक खेप की डिलीवरी करने पर उन्हें 15 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित