सीतापुर , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के मिश्रिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीतापुर-हरदोई मार्ग पर मंगलवार शाम ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरमी गांव निवासी मोहित कुमार (35) ट्रैक्टर पर कीटनाशक छिड़काव करने वाला टैंकर लगाकर घर वापस लौट रहा था। मंगलवार शाम गजोधरपुर के पास सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इस दौरान बाइक सवार कपिल (50) निवासी इमलिया सुल्तानपुर भी वाहन समेत खाई में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित