सीतापुर , नवंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार को थाना खैराबाद पुलिस और सहारनपुर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से छह किलो 240 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार देर शाम बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पर संयुक्त टीम ने लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर जमैयतपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान कोयले से लदे एक संदिग्ध टाटा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन में प्लास्टिक की बोरी से छह किलो 240 ग्राम अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार चालक की पहचान पंजाब के मोहाली जिले के मोटे माजरा गांव निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अफीम बिहार के गया से लेकर आ रहा था और इसे पंजाब के मोहाली पहुंचाना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खैराबाद थाने में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित