अंबिकापुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश से जर्जर हुई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से लोगों को हो रही परेशानी के बीच विधायक राम कुमार टोप्पो ने सोमवार रात रात स्वयं मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कराया। विधायक जेसीबी मशीन लेकर सड़क पर पहुंचे और देर रात तक मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी की।
लगातार बारिश के कारण सीतापुर क्षेत्र में एनएच सड़क की स्थिति कई स्थानों पर खराब हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के पानी और वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और बिगड़ने के बाद विधायक टोप्पो रात में मौके पर पहुंचे।
विधायक की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर बने गड्ढों को भरने और उन्हें समतल करने का काम कराया गया। इस दौरान श्री टोप्पो देर रात तक सड़क पर मौजूद रहे और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मरम्मत कार्य की जानकारी लेते हुए इसकी निगरानी करते रहे।
बताया गया है कि पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की कार भी सीतापुर की इसी खराब सड़क पर फंस गई थी। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
भारी बारिश के चलते सड़क पर बार-बार गड्ढे बनने की स्थिति को देखते हुए फिलहाल उनकी मरम्मत कर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक टोप्पो ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क का स्थायी रूप से निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को इस समस्या से पूरी तरह निजात मिल सके। उन्होंने नगरवासियों से बारिश का मौसम खत्म होने तक सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित