सीतापुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में कमलापुर थाना पुलिस ने हरियाणा से शराब तस्करी कर बिहार ले जा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब तथा एक कार बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम ने कमरिया चौराहे के पास मानपुर रोड पर चेकिंग के दौरान बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी रंजीत कुमार, रत्नेश कुमार सिंह, विक्की कुमार और अजय सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 139 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि बरामद शराब को हरियाणा के चंडीगढ़ क्षेत्र से लाकर बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण वे हरियाणा से कम कीमत पर शराब खरीदकर बिहार के विभिन्न जिलों में अधिक दामों पर बेचते थे। तस्करी के दौरान पहचान छिपाने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित