सीतापुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में रामपुर कला थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में चलती रोडवेज बस का दरवाजा खुल जाने से एक शिक्षिका सड़क पर गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि महमूदाबाद के सरावगी मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विभा गुप्ता पुत्री हरिश्चंद्र गुप्ता सीतापुर से रोडवेज बस द्वारा लौट रही थीं। वह विकासखंड पिसावां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षिका थीं। बताया गया कि ग्राम पट्टी के पास अचानक बस का दरवाजा खुल गया, जिससे झटके के कारण विभा गुप्ता सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित