सीतापुर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर शहर स्थित तमसेनगंज के ऐतिहासिक घंटाघर भवन की पहली मंजिल पर संचालित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को नगर पालिका परिषद प्रशासन ने शनिवार को खाली कराकर परिसर पर अपना कब्जा ले लिया।

प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि नगर पालिका परिषद ने शहर कांग्रेस कमेटी को 15 दिन के भीतर परिसर का कब्जा नगर पालिका को सौंपने का नोटिस दिया था। इसके बाद शहर कांग्रेस कमेटी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से उच्च न्यायालय में याचिका दायर की, लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली।

सूत्रों के अनुसार शनिवार सुबह नगर पालिका प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस कार्यालय को खाली कराया और परिसर पर नगर पालिका का ताला लगा दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासन ने बताया कि न्यायालय से राहत न मिलने के बाद नियमानुसार परिसर को खाली कराकर नगर पालिका परिषद के कब्जे में ले लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित